एंटी नारकोटिक्स फोर्स (एएनटीएफ) कार्यालय का हुआ शुभारंभ
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने उद्घाटन करते हुए कर्मियों को दी शुभकामनाएं

मादक पदार्थों के खिलाफ लड़ाई में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले की एंटी नारकोटिक्स फोर्स (एएनटीएफ) को एक नया और सुसज्जित कार्यालय मिल गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा ने विधिवत फीता काटकर नए कार्यालय का उद्घाटन किया और कर्मियों को शुभकामनाएं दी। नए कार्यालय के तैयार होने से अधिकारियों और कर्मचारियों को मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर नकेल कसने में अधिक प्रभावी ढंग से काम करने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के अवसर पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने एनएनटीएफ टीम को शुभकामनाएं देते हुए नशे के खिलाफ लड़ाई में और अधिक दृढ़ता से काम करने का आह्वान किया। एसएसपी ने जोर देते हुए कहा कि मादक पदार्थों का सेवन और व्यापार समाज के लिए एक गंभीर खतरा है, खासकर युवा पीढ़ी के लिए। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय न केवल उनके संचालन को सुगम बनाएगा बल्कि जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों को भी गति मिलेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नई सुविधा के साथ एनएनटीएफ की टीम जिले को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की दिशा में और अधिक कुशलता से काम करेगी। इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और एनएनटीएफ के सदस्य उपस्थित थे। इस मौके पर कर्मियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जिले से नशे के समूल नाश के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







