नवागंतुक जिलाधिकारी एलएम रयाल ने किया कार्यभार ग्रहण
जनता से जुड़े कार्यों को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
नवागंतुक जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिलाधिकारी के रूप में आज मंगलवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कोषागार नैनीताल पहुंचकर द्वितालक में जमा अभिलेखों, स्टाम्पों एवं संबंधित दस्तावेजों का परीक्षण करने के बाद उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार संभाला।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं और नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का शत.प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराया जाएगा। जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्धता से पूर्ण करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
उन्होंने बताया कि पर्यटन सुविधाओं को और अधिक विकसित किया जाएगा ताकि जिले में आने वाले पर्यटकों को सुगम और सुरक्षित वातावरण मिल सके। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और जनता के कार्यों को सरल एवं समयबद्ध रूप से निपटाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कहा कि वर्तमान में संचालित सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि उन्हें निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जा सके।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट सभाकक्ष में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारियों और सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विभिन्न विभागों में संचालित विकास कार्यों एवं राजस्व मामलों की जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू करने को कहा।
उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता से संवाद बनाए रखें और उनके कार्य समय पर पूर्ण करें। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्राम्य विकास, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास, पंचायतीराज सहित सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। साथ ही उन्होंने जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में देरी न होने की बात पर भी जोर दिया और यूनिफाइड सिटीजन सर्टिफिकेट (यूसीसी) से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके न्यायालयों में लंबित वादों का समय पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विरासत संबंधी प्रकरणों का निस्तारण भी राजस्व मैनुअल के अनुसार निर्धारित समय में किया जाना चाहिए। जिले में आगमन पर कलक्ट्रेट में नवागंतुक जिलाधिकारी का पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर के साथ स्वागत किया गया। कार्यभार संभालने के उपरांत विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी और स्वागत किया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, अपर जिलाधिकारी (प्रशा.) विवेक कुमार, अपर जिलाधिकारी (राजस्व) शैलेन्द्र सिंह नेगी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार, परितोष वर्मा, रेखा कोहली, राहुल वर्मा, बीसी पंत, नवाजिश खलिक, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







