पिथौरागढ़ : एक अनूठी पहल : भव्य सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम
निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधानों का सम्मान

जिला प्रशासन द्वारा एक अनूठी पहल करते हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधानों का सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम गुरुवार दोपहर में जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया जायेगा।
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में ‘कॉफी पर चर्चा’ के तहत ग्राम स्तर की समस्याओं, विकास प्राथमिकताओं और संभावनाओं पर सीधा संवाद होगा। यह राज्य में अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसमें जिला प्रशासन न केवल निर्विरोध प्रतिनिधियों को सम्मानित करेगा, बल्कि उन्हें नीति-निर्माण और विकास योजनाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए आमंत्रित भी करेगा।
जनपद की 82 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। जिलाधिकारी गोस्वामी ने कहा कि निर्विरोध निर्वाचित प्रतिनिधि सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग की मिसाल हैं। इनके अनुभव और सुझाव विकास योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में मददगार होंगे। कार्यक्रम में पेयजल आपूर्ति, सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, मनरेगा, महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्द्धन जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।
ग्राम प्रधानों की समस्याओं और सुझावों पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तत्काल संज्ञान लेंगे और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाएंगे। इस पहल से ग्राम पंचायतों और जिला प्रशासन के बीच सहयोग और समन्वय को नई दिशा मिलने के साथ ही गांवों के सर्वांगीण विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







