पिथौरागढ़ : गुप्त सूचना पर कार्रवाई, कार की आड़ में बिक रही थी शराब
03 व्यक्ति गिरफ्तार, 80 व्यक्तियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई

अवैध मादक पदार्थो की तस्करी, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों एवं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन व सीओ जीबी जोशी और केएस रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान जारी है।

जिसके तहत थानाध्यक्ष नाचनी मंगल सिंह नेगी के नेतृत्व में कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, मोहन सिंह, कमल जोशी एवं चालक राकेश सिंह की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर रातो बैण्ड नाचनी स्थित एक दुकान से कुल 101 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इस संबंध में दुकान संचालक दिवान सिंह कोरंगा को गिरफ्तार कर थाना नाचनी में धारा 60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
थानाध्यक्ष गंगोलीहाट हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल देशदीपक सिंह, राजेन्द्र चन्द एवं कांस्टेबल विनोद जोशी की टीम द्वारा गुप्त सूचना पर अजुवागाड़ा, गंगोलीहाट के पास एक ओल्टो कार की आड़ में शराब बेचते हुए पाए गए दिनेश राम को 17 टैट्रापैक अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। उक्त के विरुद्ध थाना गंगोलीहाट में धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में अपर उपनिरीक्षक भुवन राम द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक गौरव कुमार को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज किया गया। मिशन मर्यादा अभियान के अंतर्गत चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान कुल 80 व्यक्तियों के विरुद्ध ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन एवं अन्य विधिक प्रावधानों के अंतर्गत चालान व विधिक कार्रवाई की गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







