पिथौरागढ़ : प्रशासन अलर्ट मोड पर, संबंधितों को आवश्यक निर्देश जारी
बोर्ड परीक्षा की तैयारियां पूरी, 9,536 छात्र देंगे परीक्षा

शनिवार 21 फरवरी से 20 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। बीते दिवस जिलाधिकारी आशिष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कालेज सभागार में एक बैठक आयोजित की गई,

जिसमें सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक और कस्टोडियन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड परीक्षा विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर बिजली, फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस विभाग को सभी केंद्रों पर पर्याप्त बल तैनात करने और संवेदनशील व अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण कुमार पंत ने बताया कि जनपद में 01 अतिसंवेदनशील और 21 संवेदनशील परीक्षा केंद्र चिन्हित किए गए हैं। सभी केंद्र मिश्रित होंगे, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों की परीक्षाएं कराई जाएंगी।
इस वर्ष हाईस्कूल के 4,877 और इंटरमीडिएट के 4,659 सहित कुल 9,536 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हिमांशु नौगाई ने परीक्षा संचालन की तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अंत में सभी अधिकारियों को सफल, निष्पक्ष और नकलविहीन परीक्षा संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







