पिथौरागढ़ : विराट हिन्दू सम्मेलन में दिखी एकता, उत्साह और सनातन चेतना
वर्षा के बावजूद महिलाएं, युवा और परिवार पहुंचे सम्मेलन में

पिथौरागढ़ के रामलीला मैदान सोरगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य पर आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन श्रद्धा, संगठन और सनातन चेतना का भव्य प्रतीक बनकर उभरा। गुरूवार को सुबह से हो रही रिमझिम वर्षा के बावजूद महिलाएं, युवा और परिवार सम्मेलन में पहुंचे थे। इस दौरान भारत माता की जय के उद्घोष से पूरी सोर घाटी गुंजायमान रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन से हुआ। विद्यार्थियों ने वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में हिंदू परिषद की प्रखर वक्ता साध्वी डॉ. प्राची ने सनातन संस्कृति, राष्ट्र चेतना और सामाजिक एकता पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से अपनी जड़ों से जुड़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
साथ ही मातृ शक्ति को कुटुंब बचाने व लव-जिहाद के प्रति सचेत किया। आध्यात्मिक सान्निध्य में स्वामी विरेंद्रानंद एवं स्वामी यति स्वरूपानंद ने समाज में संस्कार, आध्यात्मिकता और संगठन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख पदम ने संघ की 100 वर्षों की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए समरसता और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दोहराया।
बताया कि संगठन निरंतर समाज में समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को जोड़कर राष्ट्र हित में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। सम्मेलन में लोक वाद्य, छलिया नृत्य सहित स्थानीय विद्यालयों मल्लिकार्जुन स्कूल, एशियन एकेडमी, सरस्वती शिशु मंदिर नया बाजार, तपोवन ग्रीन वैली आदि के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। सम्मेलन प्रसाद वितरण के साथ सम्पन्न हुआ।
विराट हिंदू सम्मेलन में संयोजक की भूमिका में एनएस भंडारी, सह संयोजक पंकज पंत एवं जगदीश पाण्डे, भूपेन्द्र सह प्रांत कार्यवाह, वतन विभाग प्रचारक, जितेंद्र सह विभाग प्रचारक, ऋषभ जिला प्रचारक, यशपाल नगर प्रचारक, राजेंद्र जिला कार्यवाह, पूरन विभाग संघचालक, सदानंद जिला संघ चालक, मनीष सह विभाग कार्यवाह, दिनेश नगर संघचालक, जगदीश नगर कार्यवाह, विजय नगर प्रचार प्रमुख, रोहित नगर घोष प्रमुख पवन पाठक आदि उपस्थित थे। संचालन रूद्राक्ष विभाग विद्यार्थी प्रमुख द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







