पिथौरागढ़ : प्रशासन अलर्ट : जनसुविधा में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त : जिलाधिकारी
शीतलहर से निपटने को प्रशासन मुस्तैद, डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश

जनपद के प्रमुख तिराहों, सार्वजनिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अलाव जलाने की प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही रैनबसेरों में पर्याप्त बिस्तर, कंबल, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएँ, ताकि ठंड के कारण किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।

यह निर्देश आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने संबंधित अधिकारियों को देते हुए शीतकाल एवं संभावित बर्फबारी के दृष्टिगत अलर्ट रहने को कहा है। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों, नगर निकायों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए जरूरतमंद, असहाय एवं बेघर व्यक्तियों को समयबद्ध रूप से कंबल वितरण सुनिश्चित करने तथा शीतलहर से बचाव हेतु सभी आवश्यक कदम तत्काल उठाने को कहा है।
इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को शीतकाल एवं बर्फबारी की स्थिति में पर्यटक स्थलों, होटलों, गेस्ट हाउसों एवं अन्य आवासीय इकाइयों में हीटिंग, बिजली, पानी एवं आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।
जिलाधिकारी ने सड़क मार्ग से जुड़े अधिकारियों को निर्देश देते हुए शीतकाल एवं बर्फबारी के दौरान कहीं भी सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की दशा में उन स्थानों पर तत्काल स्नो-कटर, जेसीबी एवं अन्य आवश्यक मशीनरी तैनात कर मार्ग को शीघ्र सुचारु कराने को कहा है, ताकि आवागमन बाधित न हो और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने शीतकाल के दौरान जनहित से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होने और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई अमल में लाए जाने की बात भी कही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







