PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : मुख्यमंत्री ने दी विकास की बड़ी सौगातें, जौलजीबी मेले का भव्य शुभारंभ

भारत-नेपाल मित्रता के प्रतीक मेले में उमड़ा जनसैलाब

पिथौरागढ़ के जौलजीबी में काली और गोरी नदी के संगम स्थल पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेला का सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ किया। मेले के मंच से मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की घोषणा की और कहा कि यह मेला भारत-नेपाल की सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक एकता का जीवंत प्रतीक है।

 

ad

इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई नई परियोजनाओं की घोषणा की, जिसमें विकासखण्ड मुनस्यारी अन्तर्गत ग्राम हूपली में झलूड़ी से पल्याती तक मार्ग निर्माण। बगीचा से धारचूला कोट ट्रैकिंग मार्ग एवं मेला स्थल का विकास कार्य। ग्राम पय्या पौड़ी से नालालेख शिव मंदिर तक ट्रैक रूट निर्माण, विकासखण्ड मुनस्यारी अन्तर्गत कालापानी से दशरथ पर्वत कुण्ड तक सम्पर्क मार्ग का निर्माण कार्य, विकासखण्ड मुनस्यारी के अन्तर्गत ग्राम सुरिंग में आन्तरिक सीसी. मार्ग का निर्माण, सिमगड़ नदी भैंसकोट में आरसीसी पुलिया एंव सम्पर्क मार्ग का निर्माण एवं धारचूला में सैनिक विश्राम भवन शामिल हैं।

 

इस दौरान  मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला सदियों से भारत और नेपाल की सांस्कृतिक, आर्थिक और पारंपरिक मित्रता का प्रतीक है। जौलजीबी मेला केवल आयोजन नहीं, भारत–नेपाल की पारंपरिक मित्रता और आर्थिक-सामाजिक एकरूपता का प्रतिबिंब है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे स्वयं भी बचपन में इस मेले में आते थे।  कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत-नेपाल की मित्रता और अधिक सुदृढ़ हुई है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर कहा था कि उत्तराखंड की आत्मा उसके मेलों और त्योहारों में बसती है और उन्होंने आह्वान किया कि राज्य में एक जिला-एक मेला कार्यकम प्रारंभ किया जाए। जिसमें जिले के एक प्रमुख मेले को विशेष सहयोग दिया जाएगा जिससे उस मेले के सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को बल मिलेगा।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से पिथौरागढ़ जनपद सहित इस क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। आज पिथौरगढ़ में साढ़े सात सौ करोड़ रूपए से अधिक की लागत से मेडिकल कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। 34 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण कार्य भी कराया गया है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा विकासखंड बेरीनाग में शीघ्र ही लगभग 28 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य भी प्रारंभ होने जा रहा है। पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से 50-बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का भी निर्माण करा रहे हैं। जिले में 25 करोड़ रुपए की लागत से अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशनों के निर्माण के साथ ही, पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 327 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न सड़कों का निर्माण कार्य भी गतिमान है। पिथौरागढ़ में कनेक्टिवी को बढ़ावा देने के लिए नैनी सैनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का कार्य तेज गति से आगे चल रहा है। जिसके लिए 450 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया भी गतिमान है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार, रोजगार एवं स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में आज रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। अब प्रदेश में सरकारी भर्तियां पारदर्शी तरीके से हो रहीं हैं। जो प्रदेश के युवा प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर सरकारी नौकरियाँ प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इससे पहले राष्ट्रीय एकता पद यात्रा में प्रतिभाग किया।

 

इस अवसर धारचूला विधायक हरीश धामी, डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, पाल राजवंश के कुंवर भानु प्रताप, दर्जा मंत्री अशोक नबियाल, हेमराज बिष्ट व गणेश भंडारी, नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, ब्लाक प्रमुख मंजुला बुदियाल, नगर पालिकाध्यक्ष शशि थापा, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र बुदियाल सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते