पिथौरागढ़ : तीसरा दिवस उत्साह और नवाचार के रंगों से सराबोर
ग्रीन वैली विद्यालय में साइंस कार्निवाल का

पिथौरागढ़ के ग्रीन वैली विद्यालय में आयोजित साइंस कार्निवाल के तीसरे दिन का आगाज़ अत्यंत हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका बबीता नगरकोटी, विद्यालय की प्रधानाचार्या तथा सभी कॉर्डिनेटर्स द्वारा पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई।

साइंस कार्निवाल के तीसरे दिन छोटे बच्चों के लिए विज्ञान-आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता ने सभी का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्नों ने टीवी, मोबाइल, फ्रिज, माइक्रोवेव, रोबोट से लेकर घर में उपयोग होने वाली कई वैज्ञानिक वस्तुओं का रूप धारण कर अपनी अद्भुत प्रस्तुति दी।
उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक समझ दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने “कबाड़ से जुगाड़” विषय पर उत्कृष्ट विज्ञान मॉडल तैयार कर अपनी कल्पनाशीलता का अद्भुत परिचय दिया। वेस्ट मटेरियल से बनाए गए उपयोगी वैज्ञानिक उपकरण, प्रोजेक्ट और अनोखे मॉडल छात्रों की वैज्ञानिक सोच और नवाचार क्षमता को प्रदर्शित कर रहे थे।
बच्चों का उत्साह और कार्यक्रम की विशेष झलकियाँ पूरे दिवस विद्यालय का माहौल विज्ञान और नवाचार के रंगों में डूबा रहा। बच्चों की वेशभूषा एवं मॉडल की सटीकता और रचनात्मकता सभी को प्रभावित करती रही। विज्ञान आधारित गतिविधियों ने बच्चों में सृजनशीलता, प्रस्तुतीकरण कौशल, आत्मविश्वास तथा वैज्ञानिक दृष्टिकोण को मजबूत किया।
मुख्य अतिथि बबीता नगरकोटी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों की क्षमताओं में कई गुना वृद्धि होती है। विद्यालय की प्रधानाचार्या ने भी बच्चों की प्रतिभा, परिश्रम और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा 09 की छात्राओं श्वेता भंडारी और मोनल खम्पा ने किया। विभिन्न आकर्षक, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक गतिविधियों के साथ साइंस कार्निवाल का तीसरा दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







