पिथौरागढ़ : सीएससी सेंटरों में शुल्क सूची लगाना अनिवार्य, अधिक पैसे लेने वालों पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने संबंधितों को जारी किए निर्देश

जनपद पिथौरागढ़ में संचालित कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से बनाए जाने वाले विभिन्न प्रमाण पत्रों एवं ऑनलाइन प्रपत्रों के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूले जाने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

जनहित को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने निर्देश जारी करते हुए जनपद के समस्त सीएससी सेंटरों में शासन द्वारा निर्धारित शुल्क की मूल्य सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने को कहा है, ताकि आमजन को सही शुल्क की जानकारी मिल सके तथा किसी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी एवं खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश देते हुए समय-समय पर सीएससी सेंटरों का निरीक्षण करने को कहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि समय-समय पर वे स्वयं भी औचक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान यदि किसी सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि वसूली जाती पाई जाती है या शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं पाई जाती है,
तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी भी सीएससी सेंटर पर निर्धारित शुल्क से अधिक धनराशि ली जाती है अथवा शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं की गई है, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







