पिथौरागढ़ : लापरवाही पर नाराज जिलाधिकारी, लगाई फटकार
जनसुनवाई : अधिकांश शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण

आम जनता के बीच विश्वास स्थापित करने और प्रशासन की जवाबदेही तय करने का सबसे प्रभावी माध्यम जनसुनवाई है। शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके। यह बात कहते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

बीते दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने लोगों की समस्याएँ सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया, जबकि शेष पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 40 शिकायतें दर्ज कराईं। इस दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण, शिक्षा, जल निगम, जल संस्थान एवं चिकित्सा विभाग को मुख्यमंत्री घोषणाओं से संबंधित कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
साथ ही उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1905 पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर तुरंत कार्यवाही की बात कही। जिलाधिकारी ने शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने वाले अधिकारियों पर कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए कहा कि सभी उपजिलाधिकारी विभागवार लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी। इस अवसर पर एडीएम योगेन्द्र सिंह, उपजिलाधिकारी सदर मनजीत सिंह, डीडीओ रमा गोस्वामी, तहसीलदार विजय गोस्वामी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







