पिथौरागढ़ : नशे में वाहन चलाना न केवल अपराध, बल्कि हो सकता है जानलेवा: एआरटीओ (प्रवर्तन)
सड़क सुरक्षा माह का आगाज़, मुनस्यारी से जागरूकता अभियान की शुरुआत

पिथौरागढ़ जनपद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का विधिवत शुभारंभ दूरस्थ तहसील मुनस्यारी एवं जिला मुख्यालय में किया गया। मुनस्यारी में कार्यक्रम का उद्घाटन एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल एवं उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने संयुक्त रूप से किया, जबकि पिथौरागढ़ नगर में परिवहन विभाग की टीम ने सीमा राणा व हिमांशु ओली के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा अभियान की शुरुआत की।

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी से 31 जनवरी तक पूरे देश में मनाया जा रहा है। इस दौरान जनपद में जागरूकता कार्यक्रमों, जनसंवाद, प्रवर्तन कार्रवाई और प्रचार-प्रसार गतिविधियों के माध्यम से वाहन चालकों एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित, अनुशासित व जिम्मेदार यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना है।
नववर्ष के अवसर पर मुनस्यारी में परिवहन विभाग एवं प्रशासन की ओर से संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। इसके पश्चात वाहन चालकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें यातायात नियमों, सुरक्षित ड्राइविंग और दुर्घटना रोकथाम के उपायों की जानकारी दी गई।
एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश कांडपाल ने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों की नियमित जांच कराएं, फिटनेस, लाइट, ब्रेक आदि दुरुस्त रखें, नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, ओवरलोडिंग से बचें तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल अपराध है, बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। नववर्ष की शुभकामनाओं के साथ परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को मिठाई वितरित की गई।
एआरटीओ ने कहा कि प्रवर्तन की कार्रवाई का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहींए बल्कि सड़क यातायात को सुरक्षित बनाना और जन.धन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत पूरे जनवरी माह में जनपद भर में स्कूलों में यातायात शिक्षा, जागरूकता रैलियां, चेकिंग अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर परिवहन आरक्षी अमित, मीना, बलदेव सहित वरिष्ठ सहायक हरीश और गिरिजा पांडे मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







