पिथौरागढ़ : चुनाव आयोग की प्रक्रिया पारदर्शी, विपक्ष फैला रहा भ्रम : मेयर देवलाल
मेयर कल्पना देवलाल ने की पत्रकारों से वार्ता

चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की पूरी प्रक्रिया नियमों के तहत और पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई है।
उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग की प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग की ओर से आयोजित प्रेसवार्ता में तीनों सदस्यों ने स्पष्ट किया था कि सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं। नगर निगम परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में मेयर ने कहा कि फॉर्म-6 में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है, जबकि विपक्ष इस मुद्दे को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के साथ सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का भी पालन किया है। मेयर ने कहा कि आयोग का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को मताधिकार का अवसर उपलब्ध कराना है, चाहे वह प्रवासी श्रमिक हो या किसी दूरस्थ क्षेत्र में रहने वाला व्यक्ति।
उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं और इस मुद्दे को राजनीतिक रूप दिया जा रहा है। मेयर ने कहा कि जब विपक्षी गठबंधन चुनाव जीतता है तो चुनाव प्रक्रिया पर सवाल नहीं उठाए जाते, लेकिन भाजपा की जीत होने पर चुनाव प्रक्रिया पर आरोप लगाए जाते हैं। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर स्थानीय निकायों और पंचायतों में भाजपा को मिली जीत का उल्लेख करते हुए इसे जनता के समर्थन से जोड़ा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







