पिथौरागढ़ : आखिरकार नकली नोटों का सरगना चढ़ा पुलिस के हत्थे
फेक करंसी मामले में प्रकाश में आए पाँचवें आरोपी को किया गिरफ्तार
बीते दिनों नकली नोटों के मामले में पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है, बीते दिनों बलुवाकोट क्षेत्र में चार आरोपियों को पुलिस ने नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था, मामले की विवेचना के दौरान एक आरोपी का नाम प्रकाश में आया,
जिसको लेकर पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए सरगना को नेपाल भागने से पूर्व टनकपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते चार अप्रैल को थाना बलुवाकोट पुलिस द्वारा मल्ली कुचिया, बलुवाकोट में नकली नोटों के साथ 04 आरोपियों को कुल 29,000 रूपए की नकली करंसी सहित गिरफ्तार करते हुए उनके स्विफ्ट कार को भी सीज किया गया था।
मामले की विवेचना सीओ धारचूला संजय पाण्डे के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक अम्बी राम द्वारा की जा रही है। विवेचना के दौरान आरोपी वसीम खान, निवासी सेवनपुर, थाना सहावर, जिला कासगंज, उत्तर प्रदेश का नाम प्रकाश में आया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस व एसओजी की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। बीते दिवस सर्विलांस की मदद से आरोपी वसीम खान को शारदा बैराज रोड, टनकपुर से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के समय आरोपी के पास से ₹500 के 04 नकली नोट भी बरामद किए गए। बताया जा रहा है कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था, पुलिस की सतर्कता और तत्परता के चलते उसे समय रहते गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही के उपरांत आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अम्बी राम, उपनिरीक्षक मनोज पाण्डे, प्रभारी, एसओजी, कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल, एसओजी, व कांस्टेबल कमल तुलेरा, सर्विलांस शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







