पिथौरागढ़ : अव्वल स्थान प्राप्त बच्चे हुए सम्मानित
विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों व पुरस्कार वितरण के साथ रेनेसा का वार्षिकोत्सव संपन्न

पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट के रेनेसा नर्सरी एंड स्कूल का वार्षिकोत्सव विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों व पुरस्कार वितरण के साथ स्थानीय ब्यालपाटा मैदान में संपन्न हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व खंड शिक्षा अधिकारी बीएस नेगी व विशिष्ट अतिथि महाविद्यालय प्रभारी प्राचार्य डॉ. हेमा मेहरा, पूर्व प्रमुख ललित पाठक, सभासद उमा पांडे, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीरांगना कलावती पन्त, एसएमसी सदस्य सुरेंद्र बिष्ट, कृष्ण सिंह बोरा, प्यारेलाल शाह, श्यामाचरण उप्रेती, हरीश पंत, किशन उप्रेती, प्रदीप पंत, नरेंद्र रावल, जीवन पांडे, हयात सिंह बिष्ट द्वारा दीप प्रज्वलित कर संयुक्त रूप से किया।
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी, कुमाऊनी, गढ़वाली, राजस्थानी, पंजाबी सहित विभिन्न भाषाओं में नृत्य, नाटक एवं कव्वाली की प्रस्तुति दी। इस दौरान विद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत लिलिपुट डांस को दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। मुख्य अतिथि नेगी ने विद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वसन दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व प्रमुख ललित पाठक ने बताया कि विद्यालय द्वारा अपने नए भवन के लिए जमीन क्रय कर ली गई है तथा शीघ्र ही विद्यालय के नए भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विद्यालय के मुख्य सलाहकार डॉ. जेएन पंत ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
प्रधानाचार्य त्रिभुवन रावल ने विद्यालय की वर्ष भर की आख्या प्रस्तुत की और विद्यालय की प्रबंधक भावना पंत व शिक्षिका भावना रावल ने विद्यालय में जूनियर वर्ग एवं प्राथमिक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त छात्र छात्राओं तथा कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक जीएस भंडारी, दिनेश कुमार, कमला धानिक, मुन्नी पाठक, तारा बोरा, दीपक भंण्डारी, गीता उप्रेती, पवन बोरा, हरीश सिंह, पवन कुमार, सिमरन उप्रेती, चेतना पन्त, भावना पाठक, रितु कोहली, दीपा जोशी, हेमा बोरा, विक्रम सिंह, मीना, ज्योति, कमला सहित कई अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन किशन पाठक, शिक्षिका गीता उप्रेती, छात्रा मीमांसा भट्ट, छात्र अवधेश द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







