पिथौरागढ़ : नगर में निकली भव्य तिरंगा रैली, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के लगाए नारे

80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से नगर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रामलीला मैदान से शुरू हुई रैली को राज्य दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मेयर कल्पना देवलाल और जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद सहित जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली सिल्थाम, केमू स्टेशन, गुप्ता तिराहा और एप्टेक तिराहा होते हुए वापस रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारे लगाए। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को राष्ट्रभक्ति से सराबोर कर दिया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देश के प्रति सम्मान, प्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने तिरंगे को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, वीर जवानों के साहस और देशवासियों की उम्मीदों का प्रतीक बताया। जिला प्रशासन ने आमजन से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को उत्साह एवं देशभक्ति के साथ मनाने की अपील की।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







