पिथौरागढ़ : ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में भव्यता से मनाया गया स्वतंत्र भारत सप्ताह
विद्यार्थियों ने दिखाया देशप्रेम और खेल प्रतिभा

ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में पिछले एक दशक से निरंतर आयोजित किए जा रहे स्वतंत्र भारत सप्ताह का शुभारंभ राष्ट्रप्रेम, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट सई संदीप जाधव, विद्यालय संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी, प्रबंधक कनिका जोशी, प्रधानाचार्या सुनीता खंम्पा, उपप्रधानाचार्या संगीता खत्री, कोऑर्डिनेटर प्रियंका पुनेठा तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद मुख्य अतिथि की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर लेफ्टिनेंट सई संदीप जाधव का स्वागत किया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट सई संदीप जाधव मूल रूप से कोल्हापुर, महाराष्ट्र की निवासी हैं और वर्तमान में पिथौरागढ़ में टेरिटोरियल आर्मी के माध्यम से भारतीय सेना में सेवाएं दे रही हैं।
उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने, अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और देशप्रेम को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और प्रगति में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय सेना में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों को उन्होंने अनुशासन, समर्पण, दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के महत्व के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रिले रेस, चॉकलेट रेस सहित विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा।
विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि स्वतंत्र भारत सप्ताह का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देश पहले की भावना को मजबूत करते हैं। स्वतंत्र भारत सप्ताह का पहला दिन ज्ञान, प्रेरणा, अनुशासन, खेल भावना और देशभक्ति का सुंदर संगम रहा।
आयोजन ने विद्यार्थियों को उत्साह और मनोरंजन के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा भी दी। विद्यालय परिवार ने बताया कि स्वतंत्र भारत सप्ताह के दौरान विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, रचनात्मक और खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और सर्वांगीण विकास की भावना को मजबूत करना है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







