पिथौरागढ़ : अखिल भारतीय बालिका रॉक क्लाइंबिंग कैंप में गुजरात अव्वल, उत्तराखंड को दूसरा स्थान
पूजा और दिव्यांशी जोशी चुने गए बेस्ट कैडेट

उत्तराखंड निदेशालय के तत्वावधान और 80वीं उत्तराखंड वाहिनी एनसीसी की देखरेख में आयोजित अखिल भारतीय बालिका रॉक क्लाइंबिंग कैंप संपन्न हो गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात निदेशालय ने पहला, उत्तराखंड ने दूसरा तथा जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख निदेशालय ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कैंप में सीनियर और जूनियर बालिका वर्ग की कुल 276 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व भाजपा प्रदेश महामंत्री दीपिका बोहरा ने विजेता कैडेट्स को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। इस दौरान कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल देवेश सिंह ऐरी ने कैडेट्स से कहा कि अनुशासन के साथ मानवीय गुणों का विकास भी जरूरी है।
उन्होंने कैंप की व्यवस्थाओं को लेकर विभिन्न निदेशालयों के कैडेट्स से जानकारी ली। कैडेट्स ने प्रशिक्षण, आवास और भोजन की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए पिथौरागढ़ को पर्वतारोहण के क्षेत्र में देश का उत्कृष्ट स्थान बताया। प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग की आर्टिफिशियल वॉल क्लाइंबिंग में उत्तराखंड प्रथम और बिहार-झारखंड दूसरे स्थान पर रहा।
सीनियर वर्ग में पंजाब-हरियाणा-हिमाचल प्रदेश-चंडीगढ़ प्रथम और जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख दूसरे स्थान पर रहा। जूनियर रैपलिंग में राजस्थान प्रथम और पंजाब-हरियाणा-हिमाचल प्रदेश-चंडीगढ़ दूसरे, जबकि सीनियर रैपलिंग में उत्तराखंड प्रथम और दिल्ली दूसरे स्थान पर रहा। जूनियर जुमारिंग में गुजरात प्रथम और राजस्थान दूसरे, जबकि सीनियर वर्ग में गुजरात प्रथम और बिहार-झारखंड दूसरे स्थान पर रहा। टग ऑफ वॉर में उत्तराखंड ने जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख को हराकर पहला स्थान हासिल किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में गुजरात प्रथम और दिल्ली दूसरे स्थान पर रहा। उत्तराखंड निदेशालय की सीनियर वर्ग में पूजा और जूनियर वर्ग में दिव्यांशी जोशी को बेस्ट कैडेट चुना गया। कैंप में विभिन्न निदेशालयों के कैडेट्स ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। बिहार-झारखंड ने जेट-जेटिन, दिल्ली ने ऑल इंडिया कल्चर, गुजरात ने गरबा, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख ने डोगरी-कश्मीरी,
पंजाब-चंडीगढ़-हरियाणा-हिमाचल प्रदेश ने भांगड़ा और नाटी, राजस्थान ने घूमर, उत्तराखंड ने झोड़ा-चांचरी तथा कुमाऊंनी-गढ़वाली नृत्य और उत्तर प्रदेश ने कजरी व कथक प्रस्तुत किया।कैंप के दौरान कैडेट्स को रॉक क्लाइंबिंग, रैपलिंग और जुमारिंग जैसी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया। एनसीसी अधिकारी बीआर कोहली ने बताया कि शिविर का उद्देश्य कैडेट्स में साहस, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करना रहा।
इस अवसर पर बटालियन की प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल संध्या सिंह, सूबेदार मेजर ऑनरी लेफ्टिनेंट गंगा सिंह, हरीश सिंह बिरोड़िया, हरीश बिष्ट, हयात सिंह कुंजवाल, चंद्रिका बेन, बासू पांडे, लक्की पंत, अनुपमा राठौर, रेखा चौहान, शुरूति शर्मा, जोनम, नीलू, हरेंद्र सिंह, दर्शन सिंह, लोकेन्द्र सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







