पिथौरागढ़ : जिला कारागार में बंदियों को मिलेगा सिलाई का प्रशिक्षण, स्वरोजगार के अवसर होंगे तैयार
21 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू, रिहाई के बाद आत्मनिर्भर बनाने की पहल

जिला कारागार पिथौरागढ़ में बंदियों को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 21 दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। उद्योग निदेशालय के तत्वावधान में उपलब्धि सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति की ओर से आयोजित प्रशिक्षण में बंदियों को सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीते दिवस शुरू हुए प्रशिक्षण का उद्देश्य बंदियों को उपयोगी व्यावसायिक कौशल से जोड़ना और रिहाई के बाद स्वरोजगार अथवा रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करना है। सिलाई का प्रशिक्षण प्राप्त कर बंदी जेल से बाहर आने के बाद अपनी आजीविका के लिए इस हुनर का उपयोग कर सकेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव मंजु देवी रहीं। इस दौरान जिला कारागार अधीक्षक अनुभव त्रिपाठी, जिला उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक कविता भगत, उपलब्धि सामाजिक एवं स्वैच्छिक समिति के अध्यक्ष अरविन्द ज्याला सहित प्रशिक्षण से जुड़े सदस्य और अन्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के माध्यम से बंदियों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ उनकी कार्यक्षमता और व्यावहारिक दक्षता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के कौशल विकास कार्यक्रम बंदियों में आत्मविश्वास और आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के साथ रिहाई के बाद समाज की मुख्यधारा में सम्मानजनक पुनर्वास में भी सहायक होंगे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







