पिथौरागढ़ : इग्नू ने प्रवेश, परीक्षा फॉर्म और असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथियां बढ़ाईं
असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 26 तक

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने विद्यार्थियों को राहत देते हुए जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश, दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए आवेदन और असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथियां बढ़ा दी हैं। इग्नू समन्वयक डॉ. गरिमा पुनेठा ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र में ऑनलाइन एवं ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) माध्यम से प्रवेश की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी गई है।
यह सुविधा प्रमाणपत्र एवं सेमेस्टर आधारित कार्यक्रमों को छोड़कर अन्य अधिसूचित कार्यक्रमों के लिए लागू होगी। इच्छुक विद्यार्थी इग्नू के समर्थ पोर्टल के माध्यम से निर्धारित तिथि तक प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए बिना विलंब शुल्क परीक्षा फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 तक बढ़ाई गई है।
इसके बाद विद्यार्थी 8 से 15 अक्टूबर 2026 तक 1,100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म जमा कर सकेंगे। दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि भी 31 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दी गई है। पात्र शिक्षार्थी निर्धारित तिथि तक अपने संबंधित अध्ययन केंद्र में असाइनमेंट जमा कर सकते हैं।
डॉ. गरिमा पुनेठा ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना प्रवेश, परीक्षा आवेदन और असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया समय से पूरी कर लें। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा में शामिल होने वाले पात्र विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर समर्थ स्टूडेंट पोर्टल के माध्यम से परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







