पिथौरागढ़ : सघन चेकिंग अभियान: तीन लोगों को कराई हवालात की सैर
नियमों का उल्लंघन करने पर 191 लोगों के विरूद्ध कार्रवाई

जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने को लेकर पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान जारी है। क्षेत्राधिकारी गोविन्द बल्लभ जोशी व केएस रावत की अगुवाई में चले अभियान के तहत गठित पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्रान्तर्गत विभिन्न स्थानों पर सक्रियता से वाहनों की चेकिंग की।

इस दौरान ट्रैफिक रूल तोड़ने वाले कुल 122 लोगों के विरूद्ध एमवी एक्ट, सार्वजनिक व धार्मिक स्थलों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वाले कुल 41 लोगों के विरूद्ध पुलिस एक्ट तथा सार्वजनिक स्थलों पर गुटका व तम्बाकू का सेवन करने वाले कुल 28 लोगों के विरूद्ध कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गयी। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में उप निरीक्षक ललित डंगवाल व टीम द्वारा वाहन चैकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने पर कमल खत्री निवासी नगीना को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया गया ।
थानाध्यक्ष झूलाघाट दिनेश चन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहन चैकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालक जगदीश चन्द्र भट्ट निवासी मजिरकाण्डा को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया गया। थानाध्यक्ष डीडीहाट हरीश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहन चैकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले वाहन चालक सचिन, निवासी डीडीहाट को गिरफ्तार कर वाहन सीज किया गया ।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







