पिथौरागढ़: जनसुनवाई में उठे पुल और वन भूमि हस्तांतरण सहित अन्य मामलों से जुड़े मुद्दे
तुलानी–चंडिका घाट के बीच रामगंगा नदी पर प्रस्तावित 80 मीटर मोटर पुल का उठा मुद्दा

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती ने तुलानी–चंडिका घाट के बीच रामगंगा नदी पर प्रस्तावित 80 मीटर मोटर पुल का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि पुल वर्ष 2006 से स्वीकृत है और मुख्यमंत्री घोषणा में भी शामिल है, लेकिन पुल तक पहुंचने वाली करीब चार किलोमीटर सड़क का वन भूमि हस्तांतरण अब तक लंबित है। उन्होंने प्रक्रिया जल्द पूरी कर पुल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत कराने की मांग की।
उन्होंने बेरीनाग–रीठा–रैतोली–मुवानी मोटर मार्ग के शेष पांच किलोमीटर हिस्से, पोखरी–चौली–चंडिका घाट मार्ग के शेष 1.77 किलोमीटर हिस्से तथा अगरून बैंड–आंवलाघाट मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से कनालीछीना और गंगोलीहाट क्षेत्र के करीब 240 गांवों को लाभ मिलेगा।
इसके अलावा जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बंदरों और जंगली सूअरों से फसलों को हो रहे नुकसान का सर्वे व मुआवजा, सोलर फेंसिंग, श्रम कार्ड शिविर, स्ट्रीट लाइट, उपचार के लिए आर्थिक सहायता और गोरी नदी पर संचालित ट्रॉलियों के पास यात्री शेड निर्माण की मांग भी उठाई गई।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समयसीमा में जांच कर आवश्यक कार्रवाई और आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र वर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास आशीष पुनेठा,उपप्रभागीय वनाधिकारी राजकुमार,डिप्टी सीएमओ डॉ0 प्रशांत कौशिक, जिला शिक्षाधिकारी प्राथमिक हिमांशु नौगांई समेत विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







