पिथौरागढ़ : पार्क में आधुनिक लाइब्रेरी शुरू
कार्य दिवस पर कार्यक्रम को लेकर उठे सवाल

पिथौरागढ़ में नगर निगम ने केमू बस स्टेशन के पास इंदिरा पार्क में युवाओं के लिए आधुनिक लाइब्रेरी शुरू कर दी है। नगर निगम के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर मेयर कल्पना देवलाल ने लाइब्रेरी, पार्क सौंदर्यीकरण और कैंटीन का शुभारंभ किया। मेयर ने कहा कि शांत वातावरण में युवा यहां नवीनतम पुस्तकों के साथ अध्ययन कर सकेंगे।

इस अवसर पर निगम सभागार में सुंदरकांड पाठ और माघ खिचड़ी कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें नगर आयुक्त डॉ. दीपक सैनी ने एक वर्ष के कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया और कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, प्रदेश मंत्री दीपिका बोहरा, पूर्व विधायक चंद्रा पंत सहित कई लोग मौजूद थे।

इधर महिला नेत्री मोनिका महर ने कार्य दिवस पर निगम परिसर में खिचड़ी कार्यक्रम आयोजित करने पर सवाल उठाते हुए इसे गलत परंपरा बताया। कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में कार्य दिवस पर इस तरह के कार्यक्रम नहीं किये जाते हैं। इससे सरकारी काम काज प्रभावित होता है। उन्होंने कहा यह कार्यालय आम जनता के लिए है न कि व्यक्तिगत उपलब्धियों का जश्न मनाने के लिए।
इस तरह के व्यक्तिगत कार्यक्रम निजी परिसर में किये जाने चाहिए। कार्यक्रम निकट में स्थित रामलीला मैदान में किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि अन्य विभाग भी अपने परिसरों में इस तरह के आयोजन करते रहे तो आम जनता के काम होना मुश्किल हो जायेगा। उन्होंने जिलाधिकारी से इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







