पिथौरागढ़ : 06 बैचों में 425 से अधिक प्रतिभागियों ने किया प्रतिभाग
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न

पिथौरागढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुनस्यारी के तत्वावधान में राष्ट्रीय अनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत एक व्यापक प्रशिक्षण अभियान चलाया गया।

विकासखंड मुनस्यारी में आयोजित 6 बैचों में कुल 425 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
मुख्य प्रशिक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. गौरव कुमार ने प्रतिभागियों को अनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के उद्देश्यों, अनिमिया की पहचान, संकेत व लक्षण, उपचार पद्धति, लाभार्थी समूहों की श्रेणियाँ, आईएफए सिरप एवं नीली, गुलाबी व लाल आयरन गोलियों के उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी दी। विभिन्न आयु वर्ग के लाभार्थियों तक दवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
साथ ही, प्रतिभागियों को मासिक रिपोर्टिंग की समय-सीमा, फॉर्मेट, तथा रिपोर्टिंग ढांचे पर फोकस करते हुए समय पर और सटीक रिपोर्ट भेजने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम को छह स्थानों बीआरसी सभागार, राइंका मदकोट, राउमावि सेरा, राइका फूलीडोर, अटल उत्कृष्ट राइका नाचनी तथा राइका बासबगड़ में आयोजित किया गया।
इन केंद्रों में क्षेत्र के स्कूल शिक्षक, एएनएम, सीएचओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएफ, आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता की। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों द्वारा बैठक व्यवस्था व आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। प्रत्येक बैच में प्री एवं पोस्ट ऑनलाइन टेस्ट भी लिया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. मनोज कुमार जंगपांगी, डॉ. शशांक मिश्रा, बीपीएम प्रताप सिंह बिष्ट, बीएएम गणेश सिंह भाकुनी, डीईओ लक्ष्मण सिंह धामी, बीआरसी समन्वयक भीम राम, प्रभारी सीडीपीओ मीरा मेहता व स्थानीय स्वास्थ्य टीम ने सहयोग दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, विभागीय समन्वय, रिपोर्टिंग तथा विभिन्न सत्रों के संचालन में ब्लॉक समन्वयक गंभीर सिंह मेहता का विशेष योगदान रहा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







