पिथौरागढ़ : सांसद स्तरीय खेल महाकुंभ का आगाज, धारचूला ने जीता स्वर्ण
मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी खेलकूद प्रतियोगिता

सांसद स्तरीय खेल महाकुंभ के अंतर्गत मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी की खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हरि सिंह थापा स्पोर्ट्स कॉलेज, लेलू में हुआ। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र की 12 विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।प्रतियोगिता के तहत आयोजित अंडर-14 बालिका फुटबॉल मुकाबले में धारचूला की टीम ने चंपावत को 2-0 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
वहीं, पिथौरागढ़ की टीम ने लोहाघाट को 4-0 से पराजित कर तीसरा स्थान हासिल किया। युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पिथौरागढ़ नगर निगम की महापौर कल्पना देवलाल और युवा कल्याण परिषद के सदस्य शंकर खड़ायत ने संयुक्त रूप से किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी डॉ. जगदीश सिंह नेगी ने अतिथियों का बैज अलंकरण और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दो दिनों में फुटबॉल और बैडमिंटन के मुकाबले स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू, डिग्री कॉलेज पिथौरागढ़ और स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदानों में आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर एलडब्ल्यूएस भाटकोट और हाईस्कूल बिण के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, वंदना और छलिया नृत्य प्रस्तुत किया। योग प्रशिक्षक रवि पांडे की छात्राओं ने उन्नत योगाभ्यास का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
फुटबॉल प्रतियोगिता के अंडर-19 बालक वर्ग में सल्ट विधानसभा ने द्वाराहाट को 1-0 से, अल्मोड़ा ने रानीखेत को पेनाल्टी शूटआउट में 4-3 से, लोहाघाट ने डीडीहाट को 1-0 से और धारचूला ने गंगोलीहाट को 5-1 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में धारचूला ने लोहाघाट को 3-0 से और चंपावत ने पिथौरागढ़ को 3-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में धारचूला ने चंपावत को 2-0 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, तीसरे स्थान के मुकाबले में पिथौरागढ़ ने लोहाघाट को 4-0 से हराया। मैचों में यतीश ओझा, चंद्र सिंह धामी, विशाल नगरकोटी, भूपेंद्र चौहान, नितिन उप्रेती, पंकज रावत, कृष्ण जोशी और राजू खोलिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई। वहीं, रेखा चौहान, तारा कोलिया, रुचि खोलिया, पंकज भट्ट, इंद्रजीत सिंह सामंत और हरीश भट्ट ने सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हिमांशु नौगाई, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा, जिला खेल समन्वयक विक्रम डिगारी, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र बल्दिया, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक भट्ट, गौरव चौहान, गंगा और हेमा पांडे सहित विभिन्न विकासखंडों के व्यायाम प्रशिक्षक मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







