पिथौरागढ़ : हड़कंप: रात्रि सघन चेकिंग अभियान, चंडाक रोड़ पर होगी सघन चेकिंग
28 चालान 01 वाहन सीज, शटल सेवा चलाने की संभावना पर विचार
सीमांत में रात में नशे में मदहोश होकर वाहन चलाने व ओवरलोडिंग सहित यातयात नियमों को उल्लंघन करने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल एवं प्रवर्तन अधिकारी महेंद्र सिंह नेगी की अगुवाई में परिवहन विभाग की टीम द्वारा जनपद में रात्रि सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान एआरटीओ शिवांश कांडपाल ने बताया कि विशेष रूप से नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों एवं रात्रि में ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई। साथ ही जिन वाहनों का टैक्स एवं फिटनेस लंबे समय से बकाया था उन्हें सीज किया गया। एआरटीओ के नेतृत्व में चले इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।
एआरटीओ कांडपाल ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों के टैक्स, परमिट, फिटनेस, बीमा और पॉल्यूशन प्रमाणपत्रों की गहन जांच की गई। हिल लाइसेंस न होने एवं ओवरलोडिंग पर कार्यवाही की गई। इस दौरान 28 वाहनों के चालान किए गए तथा 01 वाहन सीज किया गया। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित सवारी क्षमता से अधिक यात्री न बैठाएं तथा समय पर अपने वाहनों के कागजात दुरुस्त करवाएं।
अन्यथा की स्थिति में बकाया टैक्स, फिटनेस एवं परमिट वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए वाहन सीज कर दिए जायेंगे। एआरटीओ ने बताया कि आगामी मोस्टमानू मेले के आयोजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी के निर्देशानुसार चंडाक मोटर मार्ग पर विशेष सघन चेकिंग की जाएगी। ओवरलोडिंग व रैश ड्राइविंग पर नियंत्रण के लिए पुलिस व प्रशासन के सहयोग से शटल सेवा चलाने की भी संभावना पर विचार किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर शटल सेवा हाइब्रिड मोड में संचालित की जाएगी। रात्रि अभियान में परिवहन आरक्षी अमित, सीमा, बलदेव, अजय एवं महेंद्र शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







