पिथौरागढ़ : जल्द शुरू होगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
पिथौरागढ़ सहित अन्य जनपदों को भी मिलेगा लाभ

पिथौरागढ़ जनपद में लंबे समय से प्रतीक्षित पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। आज जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने डाक विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना से पिथौरागढ़ के साथ ही चंपावत और बागेश्वर जिलों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। अब सीमांत क्षेत्र के लोगों को पासपोर्ट सेवाओं के लिए दूर-दराज के शहरों की यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पासपोर्ट सेवा केंद्र को प्रधान डाकघर परिसर के आसपास स्थापित करना आवश्यक है ताकि बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और अन्य तकनीकी आवश्यकताओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। इसके लिए प्रधान डाकघर परिसर में दो संभावित स्थान चिन्हित किए गए हैं, वर्तमान पार्किंग स्थल को सुव्यवस्थित कर पासपोर्ट सेवा केंद्र हेतु तैयार करना और किसी अन्य उपयुक्त स्थल का चयन कर स्थायी केंद्र विकसित करना।
उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी केंद्र की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक कलेक्ट्रेट परिसर में अस्थायी पासपोर्ट सेवा केंद्र शीघ्र कार्यान्वित किया जाएगा। इसके लिए कुछ कक्षों का चयन किया गया है। इस कदम से जिले के निवासियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम पासपोर्ट सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी तथा सरकारी योजनाओं के अंतर्गत डिजिटल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कोषागार परिसर का भी भ्रमण किया तथा सीनियर सिटीजनों की सुविधा के लिए बेंच लगाने एवं पेयजल की उपलब्धता हेतु आरओ लगाए जाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डाक अधीक्षक राजेश कुमार बिनवाल, एडीएम योगेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







