पिथौरागढ़ : नेपाल में उत्पन्न हालात के दृष्टिगत, पुलिस अलर्ट मोड पर
बाहरी व्यक्तियों के सत्यापनों का चैकिंग अभियान

वर्तमान में पड़ोसी देश नेपाल में उत्पन्न हिंसक परिस्थितियों के मद्देनज़र यहां पुलिस पूरी तरह सतर्क व अलर्ट मोड पर है। जनपद पिथौरागढ़ भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा से जुड़ा होने से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के कुशल निर्देशन में सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी तथा केएस रावत के पर्यवेक्षण में पुलिस बल द्वारा सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के साथ मिलकर संयुक्त गश्त एवं निगरानी की जा रही है। झूलापुलों एवं सीमा से जुड़े संवेदनशील स्थानों पर विशेष चौकसी बरतते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति पर कड़ी निगरानी व सीमा पार से आने-जाने वालों की गहन जांच की जा रही है,
ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक अथवा अराजक गतिविधि से जनपद की शांति एवं सुरक्षा में बाधा न उत्पन्न हो। पुलिस ने बताया कि जिले में निवासरत नेपाली नागरिकों व बाहरी जनपदों के लोगों के दस्तावेजों एवं निवास सत्यापन की कार्यवाही भी की जा रही है। बिना सत्यापन के पाये जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन नंबर पर देने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







