PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता में पत्थरखानी इंटर कॉलेज प्रथम

टोटानौला इंटर कॉलेज दूसरे और सिमलकोट विद्यालय तीसरे स्थान पर, जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रतिभाग

विकासखंड मूनाकोट में की विकासखंड स्तरीय सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। बीआरसी सभागार भड़कटिया में आयोजित प्रतियोगिता में 10 विद्यालयों के 30 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पत्थरखानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल, विशिष्ट अतिथि उमेद सिंह बसेड़ा, प्रेम प्रकाश खर्कवाल और ब्लॉक विज्ञान समन्वयक भीम सिंह कार्की ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संचालन राजेंद्र सिंह खाती ने किया। प्रतियोगिता के पहले चरण में स्क्रीनिंग परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें आठ विद्यालयों ने मुख्य राउंड के लिए क्वालीफाई किया।

 

इसके बाद 24 विद्यार्थियों ने बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी और रैपिड फायर राउंड में प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज पत्थरखानी प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज टोटानौला द्वितीय और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिमलकोट तृतीय स्थान पर रहा।

 

प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमें 24 अक्टूबर को होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मूनाकोट विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। निर्णायक मंडल में प्रकाश खर्कवाल, गीता उपाध्याय, दीपक राज जोशी, योगेश सिंह बिष्ट, पुष्कर खोलिया और मंजू चन्याल शामिल रहे। निर्णायकों ने निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ प्रतियोगिता के परिणाम निर्धारित किए। कार्यक्रम के समन्वयक अजय सिंह गोबाड़ी रहे।

 

स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को पुरस्कृत करने के साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। खंड शिक्षा अधिकारी विक्रम सिंह पाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता, आत्मविश्वास और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल, शिक्षकों और आयोजकों का सहयोग रहा।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते