पिथौरागढ़ : सत्यापन को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज, सघन चेकिंग
बिना सत्यापन किरायेदार रखने पर दो व्यक्तियो के 20 हजार के चालान

जनपद में अपराधों की रोकथाम के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में सीओ पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ डीडीहाट कुवर सिंह रावत व सीओ धारचुला संजय पाण्डे के पर्यवेक्षण में पुलिस द्वारा किरायेदार सत्यापन अभियान को तेज करते हुए सत्यापन न कराने पर सम्बन्धित मकान मालिक/ठेकेदार के विरूद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धारचुला विजेन्द्र शाह औऱ थानाध्क्ष नाचनी मंगल सिंह नेगी के नेतृत्व में क्रमशः धारचुला और नाचनी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में थाना क्षेत्रों के स्थानीय लोगों को किरायेदार सत्यापन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और बिना किरायेदार सत्यापन के किरायेदार या घरेलू नौकर न रखने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली धारचुला विजेन्द्र शाह और थानाध्यक्ष नाचनी मंगल सिंह नेगी के नेतृत्व में क्रमशः उमेद सिंह, धारचुला और नन्दन सिंह निवासी नाचनी के विरूद्ध 10-10 हज़ार का चालान कर चालानी रिपोर्ट न्यायालय प्रेषित की गई। इधर थानाध्यक्ष अस्कोट सुरेश कम्बोज और थानाध्यक्ष बलुवाकोट मेघा शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम और एसएसबी द्वारा क्रमशः अस्कोट और बलुवाकोट थाना क्षेत्रों में भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में पैट्रोलिंग की गई और सघन चैकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों, अवैध मादक पदार्थों, मानव तस्करी आदि की रोकथाम को लेकर लोगों को जागरूक किया गया। टीमों द्वारा स्थानीय लोगों को सीमा पर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखाई देने पर त्वरित स्थानीय पुलिस को सूचित करने को कहा गया। साथ ही स्थानीय लोगों को बाहर से आकर निवास कर रहे व्यक्तियों का सत्यापन कराने की सलाह दी गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







