पिथौरागढ़ : बेरीनाग के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा
संस्थागत प्रसव पर दिया जोर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल के निर्देश पर जिला कम्युनिटी मोबिलाइजर भास्कर जोशी ने दो दिवसीय बेरीनाग विकासखंड भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पीएचसी बेरीनाग में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बैठक कर संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने और अंतिम छोर तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक राजवीर सिंह, आशा कार्यक्रम समन्वयक गीता आर्या, सीएचओ, एएनएम, आशा फेसिलिटेटर एवं आशाएं मौजूद रहीं। भास्कर जोशी ने कहा कि गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को संस्थागत प्रसव के लाभों के प्रति जागरूक किया जाए तथा मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड में प्रसव के बाद मां और नवजात की फोटो अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए।
भ्रमण के दूसरे दिन उन्होंने दुर्गम ग्राम पंचायत बेलकोट का दौरा कर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, पंचायत प्रतिनिधियों और अभिभावकों के साथ बैठक की। इस दौरान जननी सुरक्षा योजना, ईजाद बोई योजना, टीकाकरण, एचबीएनसी एवं एचबीवाईसी जैसी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य जांच के दौरान एक गर्भवती महिला में खून की कमी पाए जाने पर उसे पीएचसी बेरीनाग रेफर किया गया। बैठक के अंत में ग्रामीणों और स्वास्थ्य कर्मियों को संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







