पिथौरागढ़: सड़क दुर्घटना मामले का खुलासा
सीसीटीवी विश्लेषण व तकनीकी इनपुट से हिट एंड रन मामले का पर्दाफाश

पिथौरागढ़ कुमौड़- जाखनी रोड़ पर वाहन से टक्कर मार एक युवक की हुई मौत के मामले को पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते 30 नवम्बर को धारचूला निवासी दानी नाथ द्वारा कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देते बताया गया कि 29 नवम्बर की रात्रि में किसी अज्ञात वाहन ने कुमौड़ से जाखनी रोड पर उनके पुत्र को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 106(1)/281 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया गया। एसपी रेखा यादव द्वारा घटना के त्वरित एवं प्रभावी खुलासे को लेकर दिए गए निर्देशों के क्रम में सीओ केएस रावत के पर्यवेक्षण में व एसएचओ कोतवाली ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों तक फैले लगभग 30-35 सीसीटीवी फुटेज बारीकी से खंगाले।
साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण तकनीकी व मैनुअल इनपुट एकत्रित किए गए। लगातार किए प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने घटना का पूर्ण खुलासा करते हुए आरोपी की पहचान करन सिंह महर,कुमौड़ के रूप में की, जिसने मृतक को टक्कर मारने की बात सामने आई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम उप निरीक्षक कमलेश जोशी, चौकी प्रभारी ऐचोली, उप निरीक्षक प्रदीप यादव, विवेचक, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह व कांस्टेबल निरज भोज शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







