पिथौरागढ़ : एसपी ने दिए अनावश्यक पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा बैठक के दौरान मातहतों को आवश्यक निर्देश जारी, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मी सम्मानित

सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखते हुए अनावश्यक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाय। यह निर्देश आज पुलिस अधीक्षक रेखा यादव द्वारा पुलिस लाईन सभागार में आयोजित अपराध गोष्ठी और मासिक सम्मेलन के दौरान मातहतों को दिए गए।

इस दौरान उन्होंने माह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों की सराहना करते हुए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। क्राइम बैठक के दैरान एसपी ने सभी अधिकारी और कर्मचारियों की व्यक्तिगत व विभागीय समस्याओं की जानकारी लेकर उचित निस्तारण का भरोसा दिलाया।
आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सम्बन्ध में शान्ति एवं कानून व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत सक्रिय अपराधियों पर निरोधात्मक कार्रवाई करने, शस्त्रधारकों से शस्त्र थाने में जमा कराने, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने, पोलिंग बूथों का भ्रमण कर भौतिक सत्यापन करने आदि के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए।
साथ ही आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिये। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थानावार लम्बित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए साक्ष्य के आधार पर उनके निस्तारण, मुख्यमंत्री के ड्रग फ्री देवभूमि मिशन.2025 के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और तस्करों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने तथा अधिक से अधिक
जागरूकता अभियान चलाने, अन्तर्राष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्रों में एसएसबी के साथ समन्वय बनाकर संयुक्त रूप से लगातार गश्त करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने, थाना क्षेत्र में बाहरी व्यक्तियों का शत प्रतिशत सत्यापन कराने तथा बिना सत्यापन किरायेदार, मजदूर पाये जाने पर सम्बन्धित मकान मालिक, ठेकेदार के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधितों को दिए।
बैठक दौरान आपदा सीजन के दृष्टिगत सभी को किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने हेतु 24 घण्टे अलर्ट रहने के निर्देश दिये ताकि जनपद में चल रही आदि कैलाश, कैलाश मानसरोवर, ओम पर्वत यात्रा के दौरान पर्यटकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो । साथ ही कहीं से भी आपदा की सूचना मिलने पर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य हेतु रैस्क्यू उपकरणों सहित पहुंचकर लोगों की मदद करने की बात कही। गोष्ठी में सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी, सीओ केएस रावत, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी राकेश चन्द्र, प्रतिसार निरीक्षक नरेश चन्द्र जखमोला समेत जनपद के सभी थाना और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







