पिथौरागढ़ : मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण विषय पर विशेष बौद्धिक सत्र आयोजित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुनस्यारी

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं आंतरिक शिकायत समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुनस्यारी में मानसिक स्वास्थ्य एवं मानसिक कल्याण विषय पर विशेष बौद्धिक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी प्राचार्य डा. राहुल पांडेय के निर्देशन एवं डा. भारत सिंह की अध्यक्षता में हुआ।
कार्यक्रम में विशेषज्ञ संस्था की सामाजिक कार्यकर्ता पूजा ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों, समस्याओं को समझने और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से सहायता लेने के महत्व पर जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है।
विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में सहायता लेने में झिझक न करने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय की आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन समिति के समन्वय से आयोजित कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी निधि मारौठिया, हिंदी विभाग की सहायक प्राध्यापक डा. रीता आर्या एवं डा. चेतन चंद्र जोशी ने सहयोग दिया।
इस अवसर पर डा. रिफाकत अली, डा. चंद्र प्रकाश आर्या, डा. अमित कुमार टम्टा, डा. उदय भान, डा. रीतु, डा. प्रशांत जोशी, डा. प्रेमा पांडेय, डा. दिनेश चंद्र पांडेय, डा. राजेंद्र सिंह राणा, डा. अशोक कुमार मौर्या, डा. मनीषा पांडेय एवं योग शिक्षक हेम चंद्र द्विवेदी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







