पिथौरागढ़ : 02 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल का ऐलान
12 सूत्रीय मांगों पर शासनादेश जारी न होने से मिनिस्ट्रियल कार्मिकों में आक्रोश, फेडरेशन ने दी आंदोलन की चेतावनी

मिनिस्ट्रियल कार्मिकों की लंबित 12 सूत्रीय मांगों पर शासनादेश जारी न होने से उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन ने आगामी 02 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल का ऐलान किया है। फेडरेशन के प्रांतीय अध्यक्ष मुकेश बहुगुणा और प्रांतीय महामंत्री राकेश सिंह रावत ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को आंदोलन का एक पत्र प्रेषित किया है।
फेडरेशन के पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी ने बताया कि मिनिस्ट्रियल कार्मिक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। इसके तहत विभागवार सांकेतिक गेट मीटिंग, कैबिनेट मंत्रियों को ज्ञापन, जिला एवं तहसील मुख्यालयों पर धरना और 12 अक्टूबर को देहरादून में प्रदेशव्यापी रैली के बाद सचिवालय घेराव किया गया। इसके बावजूद मांगों पर अपेक्षित शासनादेश जारी नहीं हुए हैं।
उन्होंने बताया कि 12 सूत्रीय मांगों में कनिष्ठ सहायक के ग्रेड पे में वृद्धि, पदोन्नति एवं संवर्गीय पुनर्गठन, पृथक सेवा नियमावली, स्थानांतरण अधिनियम की विसंगतियों का निराकरण, एसीपी का लाभ और पुरानी पेंशन बहाली सहित मिनिस्ट्रियल कार्मिकों से जुड़े विभिन्न मुद्दे शामिल हैं। लुंठी ने कहा कि मिनिस्ट्रियल संवर्ग शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार है।
कर्मचारियों की समस्याओं के लंबे समय से लंबित रहने के कारण संगठन ने अब आंदोलन को निर्णायक चरण में ले जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को देहरादून में आयोजित रैली एवं सचिवालय घेराव के दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र शासन के प्रतिनिधि को सौंपा गया था।
फेडरेशन ने शासन को 01 नवंबर तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई और शासनादेश जारी करने का अवसर दिया है। निर्धारित समय तक उचित निर्णय नहीं होने पर 02 नवंबर से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू की जाएगी। जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी ने जिले के सभी मिनिस्ट्रियल कार्मिकों से आंदोलन में एकजुट होकर भागीदारी करने और फेडरेशन के आगामी निर्देशों के अनुरूप सहयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की एकजुटता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







