पिथौरागढ़ : 11.6 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार
पुलिस ने नशा तस्करी पर कसा शिकंजा

नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 11.6 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नशे के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ललित मोहन जोशी और प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में चौकी ऐंचोली, चौकी घाट और एसओजी की संयुक्त टीम ने ऐंचोली से घाट रोड पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्ध युवकों को टीम ने पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से क्रमश: 6.8 ग्राम और 4.8 ग्राम, कुल 11.6 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से राहुल सिंह (26), थरकोट और सागर शर्मा (22), सिनेमा लाइन को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ कोतवाली में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। जांच में संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमलेश चन्द्र जोशी, उपनिरीक्षक सुरेश कम्बोज, कांस्टेबल गौरव सिंह, कांस्टेबल त्रिभुवन सिंह और कांस्टेबल सतेन्द्र सुयाल (एसओजी) शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त या तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन-1933, डायल-112 या नजदीकी पुलिस इकाई को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







