पिथौरागढ़ : फिर पहाड़ी से पत्थर गिरने से ग्रामीणों में दहशत
दर्जा मंत्री पहुंचे मौके पर, बीते सप्ताह हुआ था हादसा
पिथौरागढ़ के नैनी- सैनी क्षेत्र में देवत गांव में पहाड़ी से पत्थर गिरने से ग्रामीणों दहशत व्याप्त है। बीती रात फिर से पत्थर आने से ग्रामीण अपने- अपने घरों से बाहर निकल आए। रात को ग्रामीणों को एक बारात घर में ठहराया गया।
बता दें कि बीते सप्ताह देवतपुरचौड़ा गांव में रघुवीर प्रसाद और नरेश कुमार के घर के अंदर रात को भारी बोल्डर आ गया, जिसके चपेट में आने से रिश्तेदारी में दिल्ली से आए एक बालक की मौके पर मौत हो गई थी, और अन्य घायल हो गए। बीती रात फिर से पहाड़ी से गिरे पत्थरों के कारण ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं हो चुकी हैं।
उन्होंने शासन – प्रशासन से सुरक्षा के ठोस इंतजाम किए जाने की मांग की है। बीती रात देवत गांव में पहाड़ी से फिर बोल्डर गिरने की सूचना पर दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तत्काल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिलाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर ग्रामीणों की सीधी वार्ता कराई।
मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। रात में प्रभावित ग्रामीणों को स्थानीय बारातघर में ठहराया गया। भाजपा मीडिया प्रभारी रघुवीर सिंह के मुताबिक आज सोमवार दर्जा राज्यमंत्री गणेश भंडारी जिला प्रशासन की टीम के साथ आपदा प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







