पिथौरागढ़ : युवाओं ने साइकिल चलाकर स्वतंत्रता सेनानियों को दी श्रद्धांजलि
पिथौरागढ़ पेडलर्स की ओर से 15 किलोमीटर से अधिक लंबी साइकिल रैली का आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पिथौरागढ़ पेडलर्स की ओर से 15 किलोमीटर से अधिक लंबी साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से युवाओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और अनुशासित साइकिलिंग का संदेश दिया।
पिथौरागढ़ पेडलर्स की टीम इससे पहले भी बीते सप्ताह 60 किलोमीटर से अधिक की साइकिल यात्रा पूरी कर चुकी है। समूह का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार साइकिलिंग के लिए प्रेरित करना है।
स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित साइकिल रैली में अंशुमान बोहरा, कुणाल चंद, अभिषेक राजन, पारस चंद, दीपेश कापड़ी, उमेश कुमार और लोकेश शर्मा ने प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने हेलमेट पहनकर और यातायात नियमों का पालन करते हुए अनुशासित तरीके से साइकिलिंग की।
वहीं, इंटर कॉलेज बीसाबजेड में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रसिद्ध रंगकर्मी जनार्दन उप्रेती ‘जन्नू दा’ और लोकगायक सुरेश प्रसाद सुरीला की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में समां बांध दिया और दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राकेश चंद ने विद्यालय को 50 कुर्सियां और 50 टेबल उपलब्ध कराने की घोषणा की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जगदीश चंद, लोकपाल जगदीश कलौनी, प्रधानाचार्य अशोक कुमार, विद्यालय प्रबंधक चंद्री चंद, दीपा तिवारी, जिला पंचायत सदस्य राकेश चंद, पीटीए अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान लक्ष्मण सिंह घोटा, सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र सिंह घोटा,
पूर्व अर्द्धसैनिक बल अध्यक्ष जगत सिंह सौन तथा शिक्षाविद मोहन चंद सहित अन्य लोगों ने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन रमेश चंद रजवार ने किया। समारोह में वक्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए विद्यार्थियों से देश की एकता, अखंडता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







