आफत की बारिश : दो मकान ढहे, दो में आई दरार, 10 मकान कराए खाली
10 मकानों को कराया खाली, लोगों को सतर्क करने में जुटी पुलिस

आसमान से बरस रही आफत की बारिश से नदी किनारे बने दो मकान ढह गए और दो मकानों में दरारें आ गई, घटना के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा फायर सर्विस की टीमों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।

आज रविवार को देहरादून के कारगी ग्रांट क्षेत्र में नदी के किनारे बने दो मकानों के ढहने की सूचना मिलने पर कोतवाली पटेल नगर पुलिस तथा फायर सर्विस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया तथा मौके पर उपस्थित टीम को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के मकानों को खाली कराने तथा मौके पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया। घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि की सूचना नहीं है। मौके पर 02 मकान शाहिद अंसारी व शहीद इद्रिशी ढह गये तथा उसके निकट स्थित गुलजर अंसारी व मुस्तकीम के मकानों में दरार आ गई। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस द्वारा आसपास के 10 मकानों को खाली कराया गया तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। मौके पर भीड़ नियंत्रण के लिए पीएसी बल को तैनात किया गया।
इधर देहरादून और पर्वतीय जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश और अलर्ट को देखते हुए ऋषिकेश क्षेत्र में पुलिस ने गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं को सतर्क किया है। यात्रियों को नदी के बीच में जाने से रोका जा रहा है। नटराज चौक पर लाउडहेलर से चारधाम यात्रा मार्गों के बंद होने की जानकारी देकर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी जा रही है। पुलिस टीमें नदी-नालों के किनारे लगातार गश्त कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







