
जिले में अवैध वन उपज की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम लगाने को लेकर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी के साथ दो आरोपी तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

चमोली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसपी सर्वेश पंवार के निर्देशन में वन्य उपज की तस्करी में संलिप्तता की सूचनाओं पर कार्यवाही करते हुए गठित विशेष पुलिस टीम द्वारा बीते दिवस मुखबिर की सूचना पर गौचर चौकी स्थित बैरियर पर वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान, टाटा सूमो वाहन संख्या यूके 05 टीए 2125 को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
वाहन में सवार चालक सहित दो व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 300 ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी बरामद हुई। कीड़ा जड़ी एक प्रतिबंधित श्रेणी की वन उपज है और इसे अपने कब्जे में रखने या इसका व्यापार करने के लिए वैध लाइसेंसध्प्राधिकार पत्र की आवश्यकता होती है। गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा इस प्रतिबंधित वन उपज को अपने कब्जे में रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या प्राधिकार पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
बरामद की गई 300 ग्राम प्रतिबंधित कीड़ा जड़ी की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹3,00,000 आंकी जा रही है। आरोपियों की पहचान रणजीत सिंह राणा, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम सुभाई, चमोली और सयन सिंह, उम्र 38 वर्ष, निवासी ग्राम सुभाई, कोतवाली जोशीमठ, जनपद चमोली के रूप हुई। तलाशी के दौरान रणजीत सिंह से 200 ग्राम तथा सयन सिंह से 100 ग्राम कीड़ा जड़ी बरामद हुई।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 26(छ), 41 और 42 भारतीय वन अधिनियम व धारा 3/28 उत्तराखंड ईमारती लकड़ी व वन उपज अधि. नियमावली 2012 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। आरोपियों को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया गया। पुलिस की अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी थी। पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक संजय सिंह नेगी, उप निरीक्षक मानवेन्द्र गुसाई , कानि. नितिन बिष्ट, अशोक रावत, प्रदीप बहुखंडी, मनवीर, आशुतोष तिवारी व राजेन्द्र सिंह रावत शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







