CrimePithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : सोशल मीडिया पर बाल अश्लील सामग्री साझा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज

मोबाइल फोन सहित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण कब्जे में, जांच जारी

पुलिस ने सोशल मीडिया पर बाल अश्लील सामग्री (चाइल्ड पोर्नोग्राफी) साझा करने के मामले में एक युवक के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है।

 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) के माध्यम से एनसीएमईसी (नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन) से चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर मामले की प्रारंभिक जांच एसओजी एवं साइबर सेल द्वारा की गई।

 

जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति के मोबाइल फोन में बाल अश्लील सामग्री डाउनलोड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से साझा किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गंगोलीहाट कैलाश चंद्र जोशी द्वारा आरोपी विपिन चंद्र जोशी, चहज, गंगोलीहाट के खिलाफ धारा 67(बी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

 

मामले की विवेचना प्रभारी एसओजी/साइबर सेल निरीक्षक नीरज भाकुनी को सौंपी गई। जांच एवं पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर लोगों से संपर्क किया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के मोबाइल फोन में बाल अश्लील सामग्री संग्रहित एवं सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं।

 

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि जनपद में चाइल्ड पोर्नोग्राफी से संबंधित पांच अन्य शिकायतों की जांच भी चल रही है।

 

पिथौरागढ़ पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि बाल अश्लील सामग्री देखना, डाउनलोड करना, संग्रहित करना या सोशल मीडिया पर साझा करना सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी) के तहत दंडनीय अपराध है। लोगों से ऐसे कृत्यों से दूर रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की गई है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मनोज चौधरी, कांस्टेबल सत्येंद्र सुयाल, कांस्टेबल कमल तुलेरा एवं कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते