भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार, वाहन सीज
02 लाख रूपए से अधिक मूल्य की 16 पेटी शराब बरामद

अवैध शराब व मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही किये जाने को लेकर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा सघन चेकिंग अभियान जारी है, जिसके तहत पुलिस टीम ने एक आरोपी को लाखों की अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

आगामी पंचायत चुनावों के दौरान बाहरी राज्यो से अवैध शराब की तस्करी की संभावना के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थों को अपने.अपने क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए हेतु निर्देशित किया गया है। दिये गये निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए ऐसे आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
इसी क्रम विकासनगर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए चैकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर आज कुल्हाल बैरियर पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को चैकिंग हेतु रोकने का इशारा किया गया तो वाहन चालक पुलिस को देखकर अपने वाहन को तेजी से कुजां की तरफ भगा ले गया, जिसे पुलिस टीम द्वारा पीछा कर पकड़ लिया गया।
वाहन की तलाशी लेने पर वाहन के अन्दर से 16 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब चण्डीगढ मार्का बरामद हुई, जिस पर वाहन चालक बलिन्दर, निवासी ग्राम संभालका, जनपद कुरुक्षेत्र हरियाणा उम्र 38 वर्ष को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरूद्ध थाना विकासनगर पर आबकारी अधिनियम का अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी द्वारा शराब को चंडीगढ़ से लाकर विकास नगर में एक व्यक्ति को सप्लाई किए जाने की बात बताई गई। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में उप निरीक्षक विकसित पंवार, चौकी प्रभारी कुल्हाल व उप निरीक्षक संदीप कुमार, चौकी प्रभारी बाजार, कांस्टेबल राजकुमार व गौरव शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







