पिथौरागढ़ : कीवी, मशरूम उत्पादन एवं मौन पालन को बढ़ावा देने की कार्ययोजना
प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के तहत 33 मत्स्य पालकों को मिली स्वीकृति

पिथौरागढ़ जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में ग्राम टुंडी के समन्वित विकास को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्यान विभाग द्वारा कीवी, मशरूम उत्पादन एवं मौन पालन को बढ़ावा देने की कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। कृषि विभाग ने सिंचाई क्षमता बढ़ाने के लिए गूल निर्माण, चेकडैम, जियोलाइन टैंक एवं फार्म मशीनरी बैंक की जानकारी दी।

मत्स्य विभाग द्वारा 06 मत्स्य तालाबों का निर्माण प्रगति पर बताया गया, जबकि पशुपालन विभाग से बकरी पालन और डेयरी विभाग से दुग्ध उत्पादन हेतु किसानों का चयन किया गया है। मनरेगा के अंतर्गत पशुशालाओं के निर्माण के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने ग्राम टुंडी को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने के लिए सौंदर्यीकरण, मार्ग सुधार, सोलर लाइट एवं अन्य विकास कार्यों को मिशन मोड में समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में 33 मत्स्य पालक किसानों के परियोजना प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, उप जिलाधिकारी मंजीत सिंह सहित कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन, डेयरी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







