पिथौरागढ़ : पूर्व सैनिक पर हुए जानलेवा हमले से आक्रोश, कार्रवाई की मांग
संगठन ने की कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रेषित किया ज्ञापन

बीेते चार रोज पूर्व होली पर्व पर अपने घर पर बैठे एक पूर्व सैनिक पर हुए जानलेवा हमले को लेकर यहां पूर्व सैनिक संगठन ने आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन प्रेषित कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
आज पूर्व सैनिक संगठन उपाध्यक्ष मयूख भट्ट की अगुवाई में संगठन द्वारा जिला सैनिक कल्याण अधिकारी के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया गया। ज्ञापन में मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित और ठोस कार्यवाही करने की मांग की गई है। वहीं सेना मुख्यालय के अधिकारियों से भेंटवार्ता कर संगठन ने इस विषय को केंद्र तथा राज्य सरकार के समक्ष रखने की बात कही है।
साथ ही ज्ञापन में पूर्व सैनिकों के साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमावली पारित करने की भी सरकार से मांग की गई। उन्होंने इस तरह की घटना को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाने व दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
बता दे कि ऋषिकेश के श्यामपुर पुलिस चौकी क्षेत्रांतर्गत भल्ला फॉर्म में एक पूर्व सैनिक पर जानलेवा हमला किया गया। बीते 14 मार्च की शाम को पूर्व सैनिक आशीष रावत घर में बैठे थे, इस दौरान कुछ लोग उनके घर पहुंचे और जबरदस्ती पूर्व सैनिक को घर से खींच कर बाहर निकाला और धारदार हथियार से हमला कर गंभीर घायल कर दिया था। घटना की सभी पूर्व सैनिकों ने घोर निंदा करते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने शीघ्र ठोस कार्रवाई न होने पर अगला कदम उठाने की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन के रमेश सिंह महर, श्याम विश्वकर्मा, देव सिंह भाटिया, लक्ष्मण देउपा सहित अन्य पूर्व सैनिक शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







