पिथौरागढ़ : सिटी पब्लिक स्कूल में जागरूकता अभियान, सभी स्कूलों तक पहुंचाने की तैयारी
स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और आपदा प्रबंधन की दी जानकारी; बच्चों ने मॉक ड्रिल में लिया हिस्सा

महादेव धारा स्थित सिटी पब्लिक स्कूल में अधिरथ स्किल बिजनेस डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से नगर निगम पिथौरागढ़ और कोतवाली पिथौरागढ़ के सहयोग से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इससे पहले मानस एकेडमी में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया जा चुका है।
फाउंडेशन की ओर से अब यह अभियान जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्वच्छता, साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया। नगर निगम की ओर से छात्र संघ उपाध्यक्ष कार्तिक पाटनी ने बच्चों को गीले और सूखे कूड़े के उचित निस्तारण की जानकारी दी।
उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने के लिए नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों के बारे में भी बताया। कोतवाली पिथौरागढ़ के उपनिरीक्षक कमलेश जोशी ने साइबर अपराध और सोशल मीडिया से जुड़े खतरों के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
फाउंडेशन के निदेशक कमलेश कुमार टम्टा ने विद्यालय आपदा प्रबंधन योजना के तहत बच्चों को भूकंप और भूस्खलन जैसी आपदाओं से बचाव के उपाय बताए। इसके बाद विद्यालय परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित कर बच्चों को आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के व्यावहारिक तरीके बताए गए।
कार्यक्रम का संचालन सिटी पब्लिक स्कूल प्रबंधन और अधिरथ स्किल बिजनेस डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से संयुक्त रूप से किया गया। इसमें विद्यालय के प्रबंधक नवीन चंद्र कोठारी, प्रधानाचार्या सीमा वर्मा, विवेक कुमार, विवेक पंत, अजय कुमार, दीप चंद तथा फाउंडेशन के निदेशक दीपक तिवारी और कमलेश कुमार टम्टा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। फाउंडेशन पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में अभियान को क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी सरकारी और निजी विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को सुरक्षित और जागरूक बनाया जा सके।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







