पिथौरागढ़ : डाक सेवाओं और योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा डाक विभाग
राष्ट्रीय डाक सप्ताह, 09 से 15 अक्टूबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

आमजन को डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं एवं उत्पादों की जानकारी देने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग द्वारा 09 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान पिथौरागढ़ मंडल के सभी उप डाकघरों और प्रधान डाकघर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
यह जानकारी देते हुए अधीक्षक डाकघर अशोक कुमार पाठक ने बताया कि राष्ट्रीय डाक सप्ताह के दौरान डाक विभाग की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ ही जनसामान्य को विभाग से जुड़ी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हर वर्ष 09 अक्टूबर को विश्व डाक दिवस मनाया जाता है। जिसके तहत डाक सप्ताह के दौरान मंडल के सभी डाकघरों में विशेष कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने डाक सप्ताह के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 12 अक्टूबर को डाक विभाग द्वारा दीनदयाल स्पर्श छात्रवृत्ति परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा बेरीनाग, डीडीहाट, पिथौरागढ़ और लोहाघाट में होगी, जिसमें कक्षा छह से नौ तक के 227 विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में सफल विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष छह हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन एवं नागरिक केंद्रित सेवाओं के तहत डाक चौपाल आयोजित की जाएगी। इसमें बचत योजनाओं और डाक जीवन बीमा सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। पिथौरागढ़, बेरीनाग, मुनस्यारी, धारचूला और चंपावत में आधार शिविर भी लगाए जाएंगे। फिलेटली के तहत विद्यालयों में ‘ढाई आखर’ पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
14 अक्टूबर को डाक एवं पार्सल दिवस के तहत स्पीड पोस्ट, पार्सल की निगरानी और आधुनिक डाक एवं पार्सल सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 अक्टूबर को प्रौद्योगिकी एवं नवाचार दिवस मनाया जाएगा, जिसके माध्यम से डाक विभाग में तकनीक के उपयोग और आधुनिक सेवाओं के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







