PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : चंडाक का वाटर पार्क बना हॉटस्पॉट, तैराकी सीखने को युवाओं में बढ़ा उत्साह

1.50 करोड़ की लागत से बना स्वीमिंग पूल बना आकर्षण, प्रतिदिन पहुंच रहे 80 से अधिक लोग

पिथौरागढ़ के रमणीक चंडाक क्षेत्र में प्राकृतिक वादियों के बीच विकसित आधुनिक स्वीमिंग पूल (वाटर पार्क) इन दिनों लोगों के आकर्षण का नया केंद्र बन गया है। लोकार्पण के बाद से यहां रोजाना स्थानीय लोगों, युवाओं और पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। तैराकी का आनंद लेने के साथ-साथ बड़ी संख्या में बच्चे और युवा तैराकी सीखने को लेकर भी खासे उत्साहित दिख रहे हैं।

 

पूर्व में नगर पालिका द्वारा लगभग 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस आधुनिक स्वीमिंग पूल की लंबाई 50 मीटर तथा चौड़ाई 15 मीटर है। इसका लोकार्पण नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल द्वारा किया गया था। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से इसके संचालन की जिम्मेदारी एक निजी फर्म को सौंपी गई है।

 

स्वीमिंग पूल के संचालक टिकेंद्र मल्ल ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन 80 से अधिक लोग यहां तैराकी के लिए पहुंच रहे हैं। तैराकी करने वाले प्रति व्यक्ति का शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं तैराकी सीखने के इच्छुक युवाओं के लिए नियमित प्रशिक्षण भी संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में दो बैच संचालित हो रहे हैं, जिनका एक माह का प्रशिक्षण शुल्क तीन हजार रुपये रखा गया है।

 

उन्होंने बताया कि परिसर में चेंजिंग रूम, शौचालय, शॉवर, लाइफगार्ड और सुरक्षा उपकरणों की समुचित व्यवस्था की गई है। प्रशिक्षित कोच के साथ दो सहायक भी तैनात किए गए हैं, जबकि आपातकालीन स्थिति के लिए एक निजी वाहन को एंबुलेंस के रूप में उपलब्ध रखा गया है। चंडाक क्षेत्र पहले से ही अपनी प्राकृतिक सुंदरता और मनोरम दृश्यों के लिए प्रसिद्ध रहा है।

 

सुबह और शाम यहां सैकड़ों लोग सैर के लिए पहुंचते हैं। घंटाकरण से वरदानी मंदिर तक स्थापित तीन ओपन जिम भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके अलावा वरदानी मंदिर, मोस्टामानू मंदिर और चंडिका धूरा में दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक पहुंचते हैं। चंडाक से पूरे पिथौरागढ़ नगर का विहंगम दृश्य दिखाई देता है, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।

 

मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि चंडाक में स्थापित स्विमिंग पूल न केवल स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देगा, बल्कि जनपद के युवाओं को तैराकी के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगा। नगर निगम की सहायक नगर आयुक्त राजदेवी जायसी ने बताया कि स्वीमिंग पूल के संचालन से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही बच्चों और युवाओं को तैराकी जैसी उपयोगी खेल गतिविधि सीखने का अवसर भी मिल रहा है, जिससे यह सुविधा खेल एवं पर्यटन दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते