पिथौरागढ़ : अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या विदेशी नागरिकों को लेकर चला चेंकिग अभियान
रात्रि चौपाल आयोजित कर विशेष जागरूकता अभियान

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में थानाध्यक्ष मुनस्यारी अनिल आर्या के नेतृत्व में अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या विदेशी नागरिकों के संदर्भ में एक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान थाना मुनस्यारी क्षेत्र में सीमावर्ती क्षेत्रों व स्थानीय बाजार में व्यापक चेकिंग की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से भारत में रह रहे बांग्लादेशी और रोहिंग्या नागरिकों की पहचान करना तथा उन्हें कानूनी कार्रवाई के तहत देश से बाहर भेजना है, हालाँकि सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोई भी विदेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में निवास करते हुए नहीं पाया गया। पुलिस विभाग इस प्रकार की कार्रवाई के माध्यम से अवैध प्रवासियों के खिलाफ निरंतर निगरानी और जांच को प्रोत्साहित करता है।
इधर थानाध्यक्ष मुनस्यारी अनिल आर्या द्वारा ग्राम जैंती में रात्रि चौपाल लगाकर, विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। जिसके तहत आगामी यात्रा सीजन के दौरान धोखाधड़ी के मामलों जैसे फर्जी यात्रा वेबसाइट्स, हेली बुकिंग धोखाधड़ी, यात्रा पैकेज धोखाधड़ी, होटल बुकिंग धोखाधड़ी आदि के बारे में स्थानीय लोगों को जानकारी देने के साथ ही पंपलेट वितरण कर जागरूक किया गया।
इस दौरान यातायात नियमों, सड़क दुर्घटनाओं के कारण, दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय, नशे के दुष्परिणाम, महिला अपराध, साइबर अपराध, बाल अपराध, डिजिटल स्कैम आदि के बारे में भी जागरूक किया गया। सड़क दुर्घटनाओं के दौरान ‘गुड समेरिटन’ बनने की प्रेरणा भी दी गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







