पिथौरागढ़ : बैठक में जिलाधिकारी ने दिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश
राजस्व वसूली व भ्रामक खबरों की रोकथाम आदि को लेकर आवश्यक निर्देश

पिथौरागढ़ के कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में मासिक स्टाफ बैठक बीते दिवस संपन्न हो गई । इस दौरान जिलाधिकारी ने राजस्व, परिवहन,आबकारी,पूर्ति आदि विभागों के अधिकारियों के साथ विभिन्न कार्यों को लेकर समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।

तहसील स्तर पर लंबित विभिन्न वादों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को लंबित वादों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को राजस्व वसूली में इजाफा करते हुए वसूली 50 प्रतिशत तक हो इस हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के साथ ही राजस्व वसूली में की गई कार्यवाही की साप्ताहिक रिपोर्ट उपलब्ध करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को जनपद अंतर्गत कूड़े का उचित निस्तारण करने हेतु अभियान चलाकर गधेरो, बाजारों एवम् पार्कों में डाले जाने वाले कूड़े आदि की साफदृसफाई करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों व आबकारी, पुलिस विभाग को जनपद व जनपद अन्तर्गत पर्यटक क्षेत्रों में अवैध शराब पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वर्षाकाल के दृष्टिगत जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी व समस्त उपजिलाधिकारियों को आपस में सामंजस्य बनाते हुए कार्य करने को कहा। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया की मुख्यमंत्री घोषणा के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावित कार्यों को शुरू करने हेतु प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर अगले 10 दिन में रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा की आपदा के दौरान सही समय पर सही सूचना का पहुंचना अत्यंत आवश्यक है जिस हेतु सूचना तंत्र को दुरुस्त करने की जरूरत है उन्होंने दुर्गम क्षेत्रों में तैनात उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वह आपदा के दृष्टिगत स्थानीय आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ एवं आर्मी के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। डीएम ने आपदा प्रबंधन हेतु प्रयोग किए जाने वाले उपकरणों की जांच कर एवं उन्हें सुचारू रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इस दौरान उन्होंने भ्रामक खबरों को प्रचारित प्रसारित होने से रोकने हेतु सोशल मीडिया सहित अन्य प्लेफॉर्म पर निरंतर मॉनिटरिंग करने एवं स्थानीय मीडिया प्रतिनिधियों से समन्वय बनाकर भ्रामक खबरों के प्रचार हेतु रोक लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक तहसील में एक कक्ष रिजर्व कर ले जहां पर सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कनेक्टिविटी हेतु पर्याप्त उपकरण उपलब्ध हो।
साथ ही आपदा के समय सीमा पर तैनात आईटीबीपी, एसएसबी, बीआरओ एवं आर्मी के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाना सुनिश्चित करे की बात कही। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारी एवं तहसीलदार को अपने क्षेत्र की सारी सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों के उन क्षेत्रों को चिन्हित करने जहां पर प्राकृतिक आपदा से नुकसान होने के हालात उत्पन्न होने वाले स्थानों की 15 दिन के अंदर रिपोर्ट ज़िला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग के अधिकारी को समस्त स्थानों पर क से कम तीन माह का राशन सहित अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मासिक स्टाफ के दौरान डीएम ने कानून व्यवस्था, राजस्व वसूली, वाद निस्तारण की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दियें कि वे वादों का त्वरित निस्तारण करें तथा पुराने वादों में जल्द डेट लगाकर प्राथमिकता से निस्तारण करना सुनिश्चियत करें। उन्होंने राजस्व वसूली में विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये, ताकि शतप्रतिशत वसूली समय से हो सके तथा बड़े बकायेदारों से सख्ती से वसूली करने के निर्देश भी दिये।
जिलाधिकारी ने पेंशन, आडिट आपत्ति, सूचना अधिकार, चरित्र सत्यापन, मुख्यमंत्री कार्यालय, राजस्व परिषद, शासन न्यायालय के मामलों पर त्वरित कार्यवाही कर निस्तारण करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन, सेवा अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत सभी अधिकारी निर्धारित समय पर कार्य सम्पादित किये जाने हेतु व्यक्तिगत ध्यान दें ताकि अधिनियम की व्यवस्था के तहत आम नागरिकों को सेवाओं का समुचित लाभ ससमय मिल सके।
उन्होंने आबकारी अधिकारी को लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश देते हुए जिन मदिरा दुकानों का अधिभार अभी लंबित है उनसे शीघ्र वसूली किए जाने की बात कही। बैठक में एडीएम योगेन्द्र सिंह, एसडीएम धारचूला मनजीत सिंह, एसडीएम सदर वैभव काण्डपाल, एसडीएम बेरीनाग आशीष जोशी, एसडीएम डीडीहाट खुशबू पाण्डेय, तहसीलदार पिथौरागढ़ विजय गोस्वामी, तहसीलदार डीडीहाट पिंकी आर्य, अन्य तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







