पिथौरागढ़: एक्सप्लोर, एक्सपेरिमेंट, एक्सेल थीम के साथ ग्रीन वैली विद्यालय में पांच दिवसीय साइंस कार्निवाल का शुभारंभ
अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करने का आह्वान

विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से ग्रीन वैली विद्यालय में एक्सप्लोर, एक्सपेरिमेंट, एक्सेल थीम पर आधारित पांच दिवसीय साइंस कार्निवाल का भव्य शुभारंभ हो गया। विज्ञान और रचनात्मकता से सराबोर इस आयोजन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विज्ञान के प्रति अपनी जिज्ञासा और प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी, प्रधानाचार्या सुनीता खम्पा, उप प्रधानाचार्या संगीता खत्री, समन्वयक प्रियंका पुनेठा तथा विज्ञान शिक्षिकाओं अनीता चड्ढा, आशा चंद, बबीता नगरकोटी और प्रिया बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि विज्ञान केवल पाठ्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि जीवन को बेहतर बनाने की सोच और समस्याओं के समाधान का माध्यम है।
विद्यार्थियों को हमेशा जिज्ञासु बनकर नई खोज, प्रयोग और अनुसंधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों श्रुति, भाविका, चांदनी, काव्या, धीरज भंडारी, कपिल भट्ट, नैतिक, निधि ऐरी और उमा पांडे ने विज्ञान की उपयोगिता और आधुनिक जीवन में उसकी भूमिका पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। उनके विचारों ने उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन ऋषिका बोरा और प्रीति कुमारी ने किया।
समापन अवसर पर विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी ने कहा कि आज का विद्यार्थी ही भविष्य का वैज्ञानिक, आविष्कारक और राष्ट्र निर्माता है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइंस कार्निवाल की सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपनी प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से साइंस कार्निवाल का पहला दिन ज्ञान, नवाचार और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







